मिर्जापुर: द मूवी' के गाने 'शूरवीर' को लेकर मामला गड़बड़ाता जा रहा है। अब, कोर्ट ने फिल्म की तरफ से बोलने वाले वकील से पूछा है कि क्या उन्होंने फिल्म देखी है। साथ ही, कुछ और अहम सवाल भी किए हैं। महाराणा प्रताप पर बने गाने को इस फिल्म में जब से इस्तेमाल किया गया, तभी से इस पर चर्चा तेज है।
दिल्ली हाई कोर्ट ने बुधवार को ' मिर्जापुर: द मूवी ' के मेकर्स से फिल्म के एक अहम सीन में 'शूरवीर' गाने के इस्तेमाल पर सवाल उठाए। यह गाना असल में महाराणा प्रताप को सम्मान देने के लिए बनाया गया था। कोर्ट ने मेकर्स के वकील से कहा कि वे अगले दिन आने से पहले फिल्म देख लें और यह बताएं कि क्या वे गाने के इस्तेमाल के तरीके से संतुष्ट हैं।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, सुनवाई के दौरान दिल्ली हाई कोर्ट की बेंच ने एक्सेल एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड (फिल्म का प्रोडक्शन हाउस) की ओर से पेश वकील जय के. भारद्वाज से कहा, 'आप कृपया इसे देखें और कल आएं। अगर आपका जमीर संतुष्ट हो... आप महाराणा प्रताप को दिखाते हुए बैकग्राउंड में ऐसा गाना बजा रहे हैं।' यह कमेंट एक जनहित याचिका (PIL) पर सुनवाई के दौरान की गई, जिसमें मांग की गई थी कि फिल्म के क्लाइमेक्स से 'शूरवीर' गाने को हटा दिया जाए या उसकी जगह कोई दूसरा बैकग्राउंड गाना लगाया जाए।